पलामू, 11 अक्टूबर । स्वास्थ्य के क्षेत्र में पलामू प्रमंडल के तीनों जिले पलामू, गढ़वा और लातेहार के लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल (एमएमसीएच) में सीटी स्कैन सेवा शनिवार से शुरू कर दी गयी है। यह मशीन रांची के रेडियालॉजिस्ट हब से जुड़ी है, जिसका मुख्यालय रांची सदर अस्पताल में है।
एमएमसीएच में लगाई गई मशीन की लागत लगभग 6.50 करोड़ रुपये है। शहर में मौजूद कई निजी जांच सेंटर के महंगे होने के कारण आम मरीजों को जांच कराने में आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब एमएमसीएच में यह सुविधा कम खर्च में उपलब्ध होगी। यहां न्यूनतम शुल्क 880 रुपये और अधिकतम 5,865 रुपये तय किया गया है। मशीन में कुल 25 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। हृदय रोग से संबंधित जांच भी इस मशीन के माध्यम से हो सकेगी।
एमएमसीएच के सिविल सर्जन ने बताया कि लाल-पीला कार्डधारियों के लिए यहां निःशुल्क जांच की सुविधा होगी। इसके लिए कार्डधारियों को कार्ड की फोटो कॉपी संबंधित काउंटर पर जमा करानी होगी। अन्य मरीजों के लिए आनलाइन और आफलाइन भुगतान विकल्प उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि तकनीशियन के पद पर जीतेंद्र पासवान और सहायक तकनीशियनों के पदों पर विकास मेहता के अलावा विकास कुशवाहा और प्रभात कुमार, जबकि परिचारिका के रूप में दयानंद कुमार, प्रीति कुमारी, मानसी वर्मा और मंजू कुमार को नियुक्त किया गया है।
