खूंटी, 13 फ़रवरी । झारखंड के खूंटी में अपराधियों ने दिनदहाड़े छिनतई की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में स्वरोजगार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही जूस विक्रेता महिला लीलो देवी को निशाना बनाया गया और उनसे लगभग 1,200 रुपए लूट लिए गए।
घटना खूंटी थाना क्षेत्र की जमुआदाग कॉलोनी के समीप हुई। पीड़िता बाजू लोहरा की पत्नी लीलो देवी ने बैंक से लोन लेकर जूस निकालने की मशीन खरीदी थी और साहू तालाब के पास सड़क किनारे प्रतिदिन जूस बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका ठेला थाना परिसर से केवल लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित था।
बताया गया है कि शुक्रवार दोपहर को एक बाइक पर सवार दो युवक जूस लेने के बहाने ठेले पर पहुंचे। जूस पीने के बाद जब लीलो देवी ने पैसे देने के लिए पर्स निकाला, तो एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि थाना के इतने करीब इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
लीलो देवी ने बताया कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर मशीन खरीदी थी, ताकि मेहनत-मजदूरी के बजाय छोटा व्यवसाय चला सकें। इस छिनतई की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक आघात भी हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और छोटे व्यवसायियों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
