ओंकार

रांची, 06 फरवरी । झारखंड के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से बोकारो जिले में चिह्नित दंगा पीड़ितों के लिए कुल 14 लाख 62 हजार रुपये की मुआवजा राशि आवंटित की गई है।

विभाग द्वारा इस राशि के आवंटन को 29 जनवरी 2026 को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ने बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखकर आवंटित राशि की जानकारी दी है। साथ ही मुआवजा राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुआवजे का भुगतान केवल उन्हीं दंगा पीड़ितों या उनके परिजनों को किया जाएगा, जिनका नाम सरकारी रूप से मान्य सूची में दर्ज है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सहायता सही लाभार्थियों तक ही पहुंचे और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।