कोलकाता, 09 फरवरी । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता एक बार फिर तेज होती दिख रही है। काेयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुदबुद थाना प्रभारी (ओसी) मनोरंजन मंडल को तलब किया है। इससे पहले, इसी महीने की शुरुआत में ईडी ने मनोरंजन मंडल के आवास पर तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे। उसी कार्रवाई के आधार पर सोमवार को उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार, इसी मामले में कुख्यात लाला के करीबी चिन्मय मंडल को भी ईडी ने तलब किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि काेयला तस्करी नेटवर्क में चिन्मय मंडल एक प्रमुख कड़ी और कथित मास्टरमाइंड रहा है।
कोयला तस्करी के इसी पुराने मामले में इससे पहले ईडी ने चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय पर भी तलाशी ली थी, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया था। मामला आगे चलकर उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक पहुंचा।
इसके बाद ईडी के निदेशक राहुल नवीन ने कोलकाता पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में कोयला, बालू सहित कई बड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके बाद कोयला तस्करी मामले की जांच में तेजी लाई गई।
हाल के दिनों में ईडी ने कई कारोबारियों से पूछताछ की है। इसी क्रम में इस माह की 3 तारीख को आसनसोल के रानीगंज और जामुड़िया समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई। कई कारोबारियों के घरों पर चली लंबी तलाशी के दौरान जामुड़िया के एक कारोबारी के गोदाम से करीब डेढ़ करोड़ नकद बरामद किए गए। उसी दिन बुदबुद थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल के घर पर भी ईडी ने तलाशी अभियान चलाया था।
उसी मामले से जुड़े तथ्यों की कड़ी में अब ईडी ने सोमवार को मनोरंजन मंडल को औपचारिक रूप से तलब कर लिया है। —
