कोलकाता, 03 नवंबर । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रख्यात रेडियो प्रसारक, नाटककार और ‘महिषासुरमर्दिनी’ कार्यक्रम के अमर स्वर वीरेंद्र कृष्ण भद्र की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक संदेश साझा कर उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ख्यातनाम रेडियो प्रसारक, नाटककार और महिषासुरमर्दिनी के प्राणपुरुष वीरेंद्र कृष्ण भद्र की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
उल्लेखनीय है कि वीरेंद्र कृष्ण भद्र का जन्म चार अगस्त 1905 को कोलकाता के अहिरीटोला में हुआ था। उनका निधन तीन नवंबर 1991 को हुआ था। वे रेडियो प्रसारण, नाट्य लेखन, अभिनय और रंगमंच निर्देशन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते थे। हालांकि, उन्हें सबसे अधिक प्रसिद्धि आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘महिषासुरमर्दिनी’ से मिली।
वर्ष 1931 में शुरू हुए इस विशेष रेडियो कार्यक्रम में उनके प्रभावशाली संस्कृत मंत्रोच्चार, श्लोक पाठ और सशक्त वाचन ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। महालया की सुबह चार बजे प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम बंगाल में दुर्गापूजा के आगमन का प्रतीक माना जाता है। आज भी महालया के अवसर पर लाखों लोग उनके स्वर में महिषासुरमर्दिनी का पाठ सुनते हैं।
वीरेंद्र कृष्ण भद्र की आवाज और संस्कृत श्लोकों के ओजस्वी उच्चारण ने उन्हें बंगाल की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा में अमर स्थान दिलाया है। उनके योगदान को आज भी श्रद्धा के साथ याद किया जाता है।
