हेमंत सोरेन ने की पूजा-अर्चना

रांची, 15 फरवरी । महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर रांची स्थित पहाड़ी मंदिर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान उन्होंने “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष भी लगाए।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हर वर्ष पहाड़ी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ता है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने लोगों से इस महापर्व को हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर की ओर से मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत और अभिनंदन किया गया।