gir

सिलीगुड़ी, 31 अगस्त। फूलबाड़ी में चाय की पत्तियों की आड़ में गांजा तस्करी की बड़ी कोशिश का पुलिस ने नाकाम कर दिया है। न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने रविवार रात जियागंज इलाके में एक मालवाहक ट्रक से 145 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक और सहायक चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शामिम अली और रिंकू शेख के रूप में हुई है। दोनों मुर्शिदाबाद जिले के निवासी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक असम के तिनसुकिया से चाय की पत्तियां लेकर निकला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुूचबिहार के दिनहाटा में चाय की खेप के नीचे गांजे के पांच बोरे लोड किए गए थे। इसके बाद खेप को सिलीगुड़ी के रास्ते दूसरे राज्य में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।

गुप्त सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने फूलबाड़ी के जियागंज इलाके में ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान चाय की पत्तियों के नीचे छिपाए गए पांच बोरों से कुल 145 किलो गांजा बरामद किया गया।

सोमवार को दोनों आरोपितों को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा।