पूर्वी सिंहभूम , 13 सितंबर। एमजीएम थाना क्षेत्र के सिरकाटोला बारीडीह में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुई खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 26 वर्षीय जगदीश हेंब्रम की तलवार, डंडा और कुल्हाड़ी से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मृतक की पत्नी घर की जरूरत के लिए लकड़ी लेने निकली थीं। इसी बीच विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक रूप ले बैठा। हमले में गंभीर रूप से घायल जगदीश हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह विवाद लगभग 16 बीघा जमीन को लेकर वर्षों से चला आ रहा था। इस मामले में पुलिस ने रूपबुद्धू हेंब्रम, कोंडा हेंब्रम, बदल हेंब्रम, सनातन हेंब्रम और सरकार हेंब्रम को आरोपी बनाया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की गुहार लगाई।
पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
