उदयपुर चुनाव में निर्दलीयों के ‘निराले’ निशान!
उदयपुर, 4 सितम्बर (कौशल मूंदड़ा)। उदयपुर नगर निगम चुनाव में शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न मिलते ही चुनावी मैदान का रंग और चटख हो गया। भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप और माकपा के प्रत्याशियों के सामने तो उनके अधिकृत पार्टी सिंबल पहले से तय थे, लेकिन निर्दलीयों के हिस्से आए ऐसे-ऐसे चुनाव चिह्न कि मतदाताओं की नजर ठहर जाए।
किसी को अलमारी मिली तो किसी के हाथ हॉकी आई। कोई मिर्ची लेकर मैदान में उतरेगा तो किसी के सिर पर कोट का निशान होगा। किसी की किस्मत में संदूक आया तो किसी को एप्पल मिला। वहीं किसी के हिस्से में सिलाई मशीन आई तो कोई बेंच पर बैठा नजर आएगा।
चुनावी मैदान में बांसुरी भी बजेगी और हाईमास्ट लाइट भी चमकेगी। किसी प्रत्याशी की पहचान गैस चूल्हा होगा तो किसी के गले में नेकलेस सजेगा। मतदाताओं को टेलीफोन की घंटी सुनाई देगी तो कहीं आइसक्रीम की मिठास भी चुनावी प्रचार में नजर आएगी।
यही नहीं, चुनावी रण में चप्पल, कैंची, चारपाई और आरी जैसे निशान भी अपनी किस्मत आजमाएंगे। किसी प्रत्याशी के हिस्से में फव्वारा आया है तो कोई दूसरे निराले चुनाव चिह्न के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचेगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इन चुलबुले चुनाव चिह्नों में से कौन-सा निशान मतदाताओं की याददाश्त में सबसे ज्यादा जगह बनाता है। क्योंकि चुनाव में उम्मीदवार का नाम याद रहे या न रहे… अलमारी, बांसुरी, मिर्ची या आइसक्रीम जैसे निशान तो आसानी से याद रह ही सकते हैं!
