बोकारो, 2 जुलाई। सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो मामले में बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी थाना में पदस्थापित आरक्षी इकरार खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में वर्दीधारी पुलिसकर्मी और उसके साथ एक अन्य युवक द्वारा एक युवक की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। घटना बुधवार देर शाम सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट का शिकार युवक स्थानीय हैसाबातु पंचायत के मुखिया का पुत्र है। आरोप है कि उसकी पिटाई सिटी थाना के आरक्षी इकरार खान और उनके पुत्र ने की।
घटना के बाद पीड़ित युवक की शिकायत पर सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरक्षी इकरार खान को निलंबित कर दिया गया है।
प्राथमिक जांच में मारपीट का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
