पूर्वी सिंहभूम, 2 दिसंबर । जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के बिड़रा पंचायत अंतर्गत दगड़ीगोड़ा गांव में मंगलवार की सुबह एक तालाब (लाया गाड़िया) से लापता युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान दगड़ीगोड़ा निवासी अश्विनी महतो (45) के रूप में की गई है, जो पिछले गुरुवार की शाम से लापता था।
जानकारी के अनुसार अश्विनी गुरुवार की शाम जमशेदपुर से घर लौटने के बाद काटिन (काटने का औजार) लेने के बहाने बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने शुक्रवार को कमलपुर थाना में उसकी गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच मंगलवार सुबह तालाब में शव तैरता देख गांव की एक महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को खबर की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अश्विनी नशे का आदी था और शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करता था। इसी कारण उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वहीं, दूसरी पत्नी भी करीब तीन माह पहले अपने चार वर्षीय बेटे के साथ मायके चली गई। अश्विनी इन दिनों अपने पिता परेश महतो के साथ ही रहता था और जमशेदपुर की एक दवा कंपनी में काम करता था।
पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर प्रारंभिक जांच की। शव पांच दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़-गला था। परिजन की ओर से किसी तरह की आपत्ति नहीं जताए जाने पर पंचनामा प्रक्रिया पूरी कर शव को दफनाने का निर्देश दिया गया। दोपहर बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को दफना दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन ग्रामीण इसे नशे की लत से जुड़ी घटना बता रहे हैं।
