वर्धमान, 05 फरवरी। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पूर्व वर्धमान जिले के आझापुर हाई स्कूल में हुई हिंसक घटना और परीक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। बोर्ड ने शुक्रवार से शुरू हो रही माध्यमिक परीक्षाओं को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से स्कूल के प्रधानाध्यापक सहित सात शिक्षकों और एक ग्रुप-डी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को अंग्रेजी परीक्षा के दौरान स्कूल के एक ग्रुप-डी कर्मचारी का मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष में बज उठा। इस पर आपत्ति जताने पर परीक्षा केंद्र के ऑफिसर-इन-चार्ज के साथ प्रधानाध्यापक कक्ष में मारपीट की गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से संबंधित सभी कर्मियों को परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी से हटा दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक (माध्यमिक) कार्यालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद परीक्षा संचालन के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। पास के पर्वतपुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक को आझापुर हाई स्कूल का नया वेन्यू सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। साथ ही, परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आसपास के स्कूलों से दस अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती की गई है।
घायल ऑफिसर-इन-चार्ज के अस्वस्थ होने के कारण उनके स्थान पर सहायक निरीक्षक को नया ऑफिसर-इन-चार्ज नियुक्त किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाओं को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं। निलंबित कर्मियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जिला विद्यालय निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में चार्जशीट दाखिल कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, शुक्रवार की परीक्षा से पहले सुरक्षा और प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार सुबह केंद्र समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई गई है।
