ghfh

उत्तर 24 परगना, 20 सितंबर । वसूली, धमकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर में एक भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित पर प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले की धमकी देने का भी आरोप लगा है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संजय दाय के रूप में हुई है। वह स्वरूपनगर के मालंगपाड़ा के दासपाड़ा इलाके का निवासी बताया गया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सत्ता परिवर्तन के बाद से ही संजय इलाके में कथित तौर पर दबदबा बनाने लगा था और खुद को भाजपा नेता बताता था। उसके खिलाफ वसूली, धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी शिकायतें सामने आई थीं। आरोप है कि उसने इलाके में भय का माहौल पैदा कर रखा था।

इन आरोपों को लेकर स्वरूपनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने के बाद पुलिस ने संजय को गिरफ्तार किया।उसे रविवार को बशीरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया।

इस बीच, स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने संजय को पार्टी नेता मानने से इनकार किया है, हालांकि उसे भाजपा कार्यकर्ता बताया है। स्वरूपनगर के भाजपा नेता वृंदावन दास ने कहा कि संजय पार्टी का कार्यकर्ता है, लेकिन पुलिस अपनी जांच के अनुसार कार्रवाई करेगी और पार्टी इसमें किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेगी।

वसूली और ‘कटमनी’ को लेकर राज्य सरकार की ओर से ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने की बात कही जाती रही है। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसे मामलों से दूर रहने की हिदायत दी है।

भाजपा नेतृत्व की ओर से यह भी दावा किया गया है कि पार्टी के नाम पर वसूली करने वाले कुछ लोग पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे और सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में शामिल हो गए। हालांकि, इन दावों और आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के आधार पर ही हो सकेगी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।