वेदांता चेयरमैन बोले— बिहार की मिट्टी में छिपा है विश्वस्तरीय क्रिकेट प्रतिभा का खजाना, अब युवाओं को चाहिए सही मंच और सुविधाएं
पटना, 23 मई। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अब समय आ गया है जब बिहार को भी अपनी एक मजबूत और गौरवशाली आईपीएल टीम मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चैन्नई सुपर किंग्स, मुम्बई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों की पहचान और गौरव बन चुकी हैं, उसी प्रकार बिहार की भी क्रिकेट जगत में अलग और सशक्त पहचान होनी चाहिए।
अनिल अग्रवाल ने बिहार की क्रिकेट प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने पटना में जन्मे ईशान किशन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने सबसे कम गेंदों में वन—डे—इंटरनेशनल डबल सेंचुरी लगाकर इतिहास रचा। वहीं समस्तीपुर के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी बेहद कम उम्र में आईपीएल में शामिल हुए। इसके अलावा गोपालगंज के साधारण परिवार से निकलकर अपनी तेज गेंदबाज़ी से पहचान बनाने वाले साकिब हुसैन आज दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी समृद्ध प्रतिभा होने के बावजूद बिहार को क्रिकेट के क्षेत्र में वह पहचान और मंच अब तक नहीं मिल पाया है, जिसका वह वास्तविक रूप से हकदार है। उनके अनुसार बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही अवसर, बेहतर सुविधाओं और मजबूत मार्गदर्शन की है।

वेदांता चेयरमैन ने कहा, “मेरा हमेशा से यह सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। हमारे खिलाड़ियों को भी वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कोचिंग और मजबूत सपोर्ट सिस्टम बिहार में ही उपलब्ध होना चाहिए, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए दूसरे राज्यों की ओर न देखना पड़े।”
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बिहार के बच्चों को सही अवसर, प्रेरणा और आधुनिक सुविधाएँ मिलें, तो आने वाले समय में बिहार की क्रिकेट टीम देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे मजबूत और प्रेरणादायक टीमों में शामिल हो सकती है।
अनिल अग्रवाल ने बिहार के युवाओं और खिलाड़ियों के प्रति अपना समर्थन दोहराते हुए कहा, “मैं इस काम में बिहार के युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। बिहार की क्रिकेट टीम और यहाँ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मैं अपनी तरफ से अनकंडीशनल सपोर्ट दूँगा।”
उन्होंने बिहार के प्रति अपने भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त करते हुए कहा, “बिहार मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक इमोशन है। अब समय आ गया है कि हमारी मिट्टी का टेलेंट पूरे देश और दुनिया के सामने मैदान पर दिखाई दे।”
उनके इस बयान को बिहार के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक नई उम्मीद और प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बिहार को आईपीएल जैसी बड़ी प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व मिलता है, तो इससे राज्य की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा और हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल सकेगी।
