बालेन्द्र शाह, भारत दौरे पर मोदी के साथ दिल्ली से शुरू करेंगे जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा

काठमांडू, 07 नवंबर । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के प्रस्तावित भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की ओर से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है जिनमें अयाेध्या से जनकपुर धाम रेल सेवा भी शामिल है।

नेपाली प्रधानमंत्री शाह की 23 से 25 नवंबर तक भारत की यात्रा की तैयारी चल रही हैं। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री 4 और 5 नवंबर को काठमांडू आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के एजेंडे पर प्रारंभिक चर्चा की थी।

जनकपुरधाम अयोध्या रेल सेवा उदघाटन

प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान भगवान राम और माता सीता की जन्मभूमि अयोध्या तथा जनकपुरधाम को रेल सेवा से जोड़ने की योजना को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। मधेश प्रदेश की राजधानी जनकपुरधाम से भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या तक प्रस्तावित रेल सेवा का गुरुवार को परीक्षण भी किया गया।

भारत के अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक डब्ल्यूडीपी 4डी 40403 नंबर के इंजन और 17 डिब्बों वाली भारतीय ट्रेन के जरिए तकनीकी परीक्षण किया गया। नेपाल रेलवे कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि 67 भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने रेल पटरी की स्थिति और ट्रेन की गति सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण किया।

अधिकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नई दिल्ली से ही संयुक्त रूप से इस रेल सेवा का उद्घाटन करने की योजना है। इसी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

पहले चरण में जनकपुरधाम-अयोध्या रेल सेवा सप्ताह में एक दिन संचालित करने की तैयारी है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, ट्रेन अयोध्या से रवाना होकर अगली सुबह जनकपुरधाम पहुंचेगी। इसी तरह जनकपुरधाम से शाम को रवाना होने वाली ट्रेन अगले दिन सुबह अयोध्या पहुंचेगी।

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी जनकपुरधाम और अयोध्या को रेल संपर्क से जोड़ने की इच्छा जता चुके हैं। इस परियोजना में उनकी विशेष रुचि को देखते हुए प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान इसका उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है।