नई दिल्ली, 13 जुलाई । सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को जंतर-मंतर पर 16 दिन से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की हर दिन बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
इस बीच, आज आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी, कुलदीप कुमार और दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल का दौरा किया। आप नेताओं ने अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षाओं के लिए लड़ रहे युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिया।
सौरव दास ने एक्स पर वांगचुक की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए लिखा, “मुझे नहीं पता कि सोनम सर और कितने दिन टिक पाएंगे। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जो आराम और शोहरत की जिंदगी चुन सकते थे, लेकिन रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित यह व्यक्ति आज हमारे बच्चों, युवाओं और देश के भविष्य के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहा है।”
सरकार की बेरुखी और आम जनता की खामोशी पर सवाल उठाते हुए दास ने अपने संदेश में लिखा कि यह मेरे सपनों का भारत नहीं है। जहां गुस्सा होना चाहिए था, वहां हमने खामोशी अपना ली है। हम दुख-दर्द को बस तमाशबीन बनकर देख रहे हैं। उन्होंने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि 20 जुलाई (संसद मार्च) वांगचुक को बचाने की आखिरी कोशिश है।
सीजेपी नेतृत्व ने केंद्र सरकार से इस संवेदनशील मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाने की गुजारिश की है।
उल्लेखनीय है कि सीजेपी और छात्रों का यह आंदोलन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर पिछले 23 दिनों से जंतर-मंतर पर जारी है।
