विंग्स फॉर यूथ व रेडिएंट की संयुक्त पहल
उदयपुर सहित बाहर के नीट अभ्यर्थी भी जुड़ सकेंगे परीक्षा श्रृंखला से
21 जून को री—नीट से पहले अभ्यर्थियों में पुन: ऊर्जा भरने का कदम
उदयपुर, 15 मई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को री-नीट परीक्षा की घोषणा किए जाने के साथ ही विद्यार्थियों की तैयारी के लिए उदयपुर में विंग्स फॉर यूथ ट्रस्ट और द रेडिएंट एकेडमी ने संयुक्त रूप से कदम बढ़ाया है। दोनों संस्थानों की इस पहल के तहत नीट अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क “फुल सिलेबस टेस्ट सीरीज” प्रारंभ की जा रही है।
इस संबंध में द रेडिएंट अकादमी के ऐकडेमिक हेड रवि रंजन व शिक्षाविद डॉ. शैलेन्द्र सोमानी ने बताया कि नीट रद्द होने के बाद कई अभ्यर्थी मानसिक दबाव एवं चिंता की स्थिति में हैं। ऐसे समय में उन्हें सही दिशा एवं सकारात्मक मार्गदर्शन के साथ निरंतर अभ्यास की आवश्यकता है।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए विंग्स फॉर यूथ और रेडिएंट एकेडमी ने नि:शुल्क टेस्ट सीरीज की पहल की है। इसके अंतर्गत कुल 11 पूर्ण पाठ्यक्रम परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। शुरुआत 17 मई से होगी तथा अंतिम परीक्षा 18 जून को होगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रखी जाएंगी। यह समय अभ्यर्थियों को वास्तविक रूप से नीट परीक्षा जैसा माहौल देने के उद्देश्य से रखा गया है। इतना ही नहीं, प्रत्येक परीक्षा के बाद शाम 5:15 बजे से 6:30 बजे तक विस्तृत चर्चा सत्र भी होगा जिसमें विषय विशेषज्ञ अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान करेंगे, साथ ही प्रश्नपत्र विश्लेषण एवं प्रदर्शन सुधार पर मार्गदर्शन भी देंगे।
रेडियंट एकेडमी में नीट की अध्यापक-अध्यापिकाओं ने कहा कि यह टेस्ट सीरीज अभ्यर्थियों का मनोबल मजबूत करेगी और उन्हें दोबारा पूरी ऊर्जा एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा के लिए तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि उदयपुर के अभ्यर्थी ऑफलाइन माध्यम से रेडिएंट एकेडमी परिसर में परीक्षा दे सकेंगे, वहीं उदयपुर से बाहर के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन सुविधा व्हाट्सएप माध्यम से प्रदान की जाएगी।
