______005

सरायकेला, 18 अक्टूबर।  झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर आदित्यपुर नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न होटलों और लॉजों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने साफ-सफाई, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरों की कार्य स्थिति, रजिस्टर मेंटेनेंस और ट्रेड लाइसेंस की बारीकी से जांच की।

नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कई होटल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लगभग पांच होटलों पर जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ होटलों में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब थी। कई स्थानों पर फायर सेफ्टी उपकरण अनुपस्थित या अनुपयोगी पाए गए। वहीं, कुछ होटलों में रजिस्टर का रखरखाव ठीक नहीं था और ट्रेड लाइसेंस अद्यतन नहीं मिले। कई होटलों में सीसीटीवी कैमरे या तो लगे नहीं थे या खराब अवस्था में पाए गए।