दो कर्मी झुलसे

उपायुक्त ने दिए जांच के निर्देश, इंडस्ट्रियल सेफ्टी पर उठे सवाल

बोकारो, 21 अक्टूबर । बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में  फिर हादसे की खबर सामने आई है। स्टील मेल्टिंग शॉप में मंगलवार दोपहर अचानक हुए इलेक्ट्रिकल फ्लैश में दो कर्मी झुलस गए। झुलसे कर्मियों में बीएसएल के कर्मचारी देवब्रत यादव (36) और ठेका श्रमिक शक्तिपद कुमार बाउरी शामिल हैं। दोनों को तत्काल बोकारो जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3:45 बजे स्टील मेल्टिंग शॉप –1 के एरिया रिपेयर शॉप में हुआ। उस समय मरम्मत कार्य चल रहा था। अचानक बिजली के संपर्क में आने से तेज फ्लैश हुआ, जिसकी चपेट में दोनों कर्मी आ गए। फ्लैश की तीव्रता इतनी थी कि दोनों के हाथ और चेहरे पर गंभीर जख्म आए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मियों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद बीएसएल प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। वहीं, औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पिछले कुछ महीनों में बीएसएल में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति ने कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है।

इधर, उपायुक्त अजय नाथ झा ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए चास एसडीओ प्रांजल ढांडा को निर्देश दिया है कि वे बीएसएल प्रबंधन से घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर जिला प्रशासन को अविलंब प्रतिवेदन सौंपें। उपायुक्त ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।