कोलकाता, 25 अगस्त । पार्क स्ट्रीट के फुटपाथ पर बच्चे के लिए दूध गर्म कर नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के गुस्से की शिकार हुई महिला अपनी फरियाद लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के ‘जनता दरबार’ में पहुंची। साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में सीता देवी नाम की उक्त महिला गोद में एक बच्चे को लेकर शुभेंदु अधिकारी से मिलीं।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने इस घटना को लेकर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने उक्त फुटपाथवासी महिला को पैसे देकर भाजपा के खिलाफ बोलने के लिए उकसाया था। मुख्यमंत्री ने कहा, “ममता बनर्जी लोगों को भेजकर कह रही हैं कि पैसे लो और भाजपा के खिलाफ बोलो। लेकिन सीता देवी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पर भरोसा है, भाजपा पर भरोसा है। वह ममता के चक्कर में नहीं पड़ेंगी।”
शुभेंदु ने आगे कहा, “मैंने उनसे कहा कि सड़क पर मत रहिए। फुटपाथ तो लोगों के आवागमन के लिए है। मैं आपके रहने की व्यवस्था करूंगा।” मामले को लेकर विरोधियों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 34 वर्षों तक वामपंथियों ने और 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस ने इन लोगों की सुध नहीं ली।
उल्लेखनीय है कि अवैध अतिक्रमण हटाने की मुहिम में जुटीं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल निरीक्षण के दौरान पार्क स्ट्रीट के फुटपाथ पर उक्त महिला को बच्चे के लिए स्टोव जलाकर दूध गर्म करते देख गुस्से में आग-बबूला होकर उसे फटकार लगाई थी। इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी अभी भी जारी है।
सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर कहा था कि जरूरत पड़ने पर उनके किसी सहकर्मी के घर में इस परिवार के रहने की व्यवस्था की जा सकती है। ममता बनर्जी ने कहा था कि मां बच्चे के लिए दूध उबाल रही हैं। उनके पास रहने की जगह नहीं है, वे असहाय हैं। पहले असहाय लोगों के रहने की व्यवस्था कीजिए। हमने कई रात्रि आश्रयों की व्यवस्था की थी। दूध फेंकने में बुरा नहीं लगता? याद रखिए, मां का श्राप बहुत बड़ा होता है। यदि परिवार चाहे तो मैं उनकी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं। मैं अपने किसी सहकर्मी के घर में उनके रहने, बच्चों की पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था कर दूंगी।”
