पश्चिमी सिंहभूम, 23 जून । मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत की जुताई के दौरान जमीन के भीतर दबा एक संदिग्ध पुराना बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बरामद वस्तु की प्रकृति और उसकी क्षमता का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय किसान विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर चालक शिवचरण जुताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का हल जमीन के भीतर किसी कठोर वस्तु से टकरा गया। शुरुआत में इसे सामान्य पत्थर समझा गया, लेकिन नजदीक जाकर देखने पर मिट्टी में दबा बम जैसा संदिग्ध विस्फोटक दिखाई दिया। इसके बाद खेत में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संभावित खतरे को देखते हुए जुताई का कार्य तत्काल रोक दिया गया। किसान और ट्रैक्टर चालक ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनोहरपुर थाना को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अमित खाखा के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को घेर लिया गया और लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई। पुलिस ने संदिग्ध विस्फोटक को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अमित खाखा ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में हुई लगातार बारिश के कारण मिट्टी का कटाव और ढीलापन बढ़ गया था। प्रारंभिक आशंका है कि इसी कारण जमीन के भीतर दबा यह संदिग्ध विस्फोटक सतह के करीब आ गया और जुताई के दौरान दिखाई पड़ा।
पुलिस और प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद वस्तु कितनी पुरानी है और वह खेत तक कैसे पहुंची। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह किसी पुराने सुरक्षा अभियान के दौरान इस्तेमाल की गई विस्फोटक सामग्री का अवशेष तो नहीं है अथवा किसी अन्य कारण से वहां दबा रह गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है। तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु वास्तव में सक्रिय विस्फोटक है या नहीं तथा उससे कितना संभावित खतरा था।
