ओंकार समाचार
गिरिडीह, 25 सितंबर। जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर पंचायत के तूईओ गांव निवासी केशव महतो के 28 वर्षीय पुत्र लालचंद महतो की दुबई में बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई। बुधवार शाम हुई इस घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी जयंती देवी, पिता केशव महतो और माता कौशल्या देवी को छोड़ गया है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में सक्रिय समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
सिकंदर अली ने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है, बल्कि बगोदर प्रखंड समेत गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग के प्रवासी मजदूरों की मौत की खबरें समय-समय पर आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर रोजगार के अभाव में यहां के युवा रोजी-रोटी की तलाश में विदेशों और बड़े शहरों का रुख करते हैं, जहां काम के दौरान कई बार जानलेवा हादसे घट जाते हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं ताकि मजदूरों के पलायन पर रोक लग सके और ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
