धनबाद/खूंटी/कोडरमा, 28 अप्रैल। झारखंड के विभिन्न जिलों में मंगलवार को सड़क हादसों और दुर्घटनाओं की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें दंपती की मौत, एक बच्चे की गंभीर हालत, वाहन पलटने से घायल और आग लगने जैसी घटनाएं शामिल हैं।
धनबाद में दर्दनाक हादसा: दंपती की मौत, बच्चा गंभीर
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड काशीटांड़ के पास सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बगदाहा, राजगंज निवासी राजकुमार महतो और उनकी पत्नी सरस्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

खूंटी में चलती बाइक में लगी आग, सवार बाल-बाल बचे
खूंटी शहर में थाना गेट के सामने एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। अरुण कच्छप अपनी भाभी पूनम बारला के साथ घर लौट रहे थे, तभी बाइक में आग लग गई। लोगों के सतर्क करने पर वे तुरंत बाइक से उतर गए। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई । आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी।
कोडरमा में डीजे वाहन की चपेट में किशोर की मौत
जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरीडीह गांव से सोमवार की रात सड़क किनारे बैठे दो किशोरों और एक वृद्ध को डीजे वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एक अन्य किशोर और वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक किशोर की पहचान राज पंडित (10 वर्ष, पिता राजेश पंडित) के रूप में की गई है। वहीं घायल की पहचान विकास पंडित (10 वर्ष) तथा सोबरन पंडित (75 वर्ष) के रूप में की गई है। मामले की जानकारी देते हुए घायल सोबरन पंडित के पुत्र दिलीप पंडित ने बताया कि सोमवार की रात बगरीडीह गांव निवासी कैलाश दास के पुत्र का घृतढारी समारोह चल रहा था। इस समारोह में एक डीजे वाहन को डोमचांच थाना क्षेत्र के ही चोपनाडीह से बुलाया गया था।
समारोह के समापन होने के बाद उक्त डीजे वाहन वापस चोपनाडीह जा रही थी। इसी क्रम में बगरीडीह गांव में सुबरन पंडित, राज पंडित व विकास पंडित अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी गुजर रहा डीजे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बैठे इन तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
डीजे वाहन का अगला चक्का राज पंडित के ऊपर से चढ़कर निकल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विकास और सोबरन पंडित बुरी तरह जख्मी हो गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राज पंडित को मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास और सोबरन पंडित को प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया।
राज पंडित के पिता राजेश पंडित मुंबई में ऑटो चलाते हैं। राजू उनका छोटा पुत्र था और वह कक्षा आठवीं में पढ़ाई करता था। इधर राज की मौत के पश्चात उसके गांव में शोक का माहौल है। घटना के पश्चात परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। डीजे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

सरबो घाटी में ट्रक पलटा, चार घायल
रनिया-सोदे मुख्य पथ पर स्थित सरबो घाटी में मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट लदा 12 चक्का ट्रक ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक सहित चार लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक तोरपा से सोदे की ओर सीमेंट लेकर जा रहा था। इसी दौरान सरबो घाटी के खतरनाक ढलान पर ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि ट्रक का ट्रॉली चेसिस से अलग हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया भेजा गया।
घायलों में चालक नवीन कुमार (बिहार) तथा मजदूर शिशिरण टोपनो, तोड़ना साहू और एक अन्य शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज रनिया में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक मजदूर ट्रक के नीचे दब गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उल्लेखनीय है कि इसी महीने सरबो घाटी में यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। दो अप्रैल को चावल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर दो सगे भाइयों को कुचलते हुए पलट गया था, जिससे दोनों की मौत हो गई थी।
नौ अप्रैल को लोहा लदा ट्रेलर पलटने से उपचालक की जान चली गई थी।
‘मौत की घाटी’ बनती सरबो घाटी
सरबो घाटी में लगातार हो रहे हादसों ने चिंता बढ़ा दी है।इसी महीने यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। पहले भी ट्रक और ट्रेलर हादसों में लोगों की जान जा चुकी है । स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुधार, चेतावनी संकेत और सुरक्षा उपायों की मांग की है।
