पश्चिमी सिंहभूम, 25 अप्रैल। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टुंगरी कॉलोनी में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 43 वर्षीय जितेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई शशिकांत शुक्ला उर्फ बुचन ने बताया कि जितेंद्र शुक्रवार रात तक सामान्य था और घर में ही मौजूद था। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य उसे जगाने पहुंचे, तो वह कमरे में चादर के सहारे बने फंदे से लटका मिला।
यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र शुक्ला अविवाहित था और लंबे समय से नशे की आदत से जूझ रहा था। बताया गया कि कुछ समय पहले वह गंभीर रूप से घायल भी हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
