खूंटी, 16 अप्रैल । मुरहू थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता फिलहाल खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती है, जहां मेडिकल बोर्ड की ओर से उसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना 13 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है। पीड़िता मुरहू में एक किराये के मकान में रहती है। आरोपित भी उसी के घर के पास ही किराए के मकान में रहता है। आरोप है कि आरोपित बच्ची को बहला-फुसलाकर कर सुनसान स्थान पर अर्धनिर्मित घर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपित ने बच्ची को धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। दो दिनों के बाद 15 अप्रैल को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसने मुरहू क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली अपनी बड़ी बहन को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाना पहुंचे, जहां उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बच्ची को पहले मुरहू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन वहां महिला चिकित्सक नहीं होने के कारण उसे तुरंत खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में पीड़िता के इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और उसकी सुरक्षा में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानाें पर छापेमारी कर रही है।
