राज्यपाल संतोष गंगवार ने की जागरूकता बढ़ाने की अपील

रांची  14 अप्रैल। ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर झारखंड में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अग्नि सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन, आग से बचाव और प्राथमिक उपचार के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन में महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं एम.एस. भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ का बैज पहनाया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि आपदा और आपात स्थितियों में अग्निशमन कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

राज्यपाल ने अग्नि सुरक्षा के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक सावधानियां अपनाएं और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहें। साथ ही, अग्निशमन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।

उधर, जमशेदपुर में ‘राष्ट्रीय अग्नि दिवस’ के अवसर पर नागरिक सुरक्षा की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कदमा–सोनारी लिंक रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और आग से बचाव के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इस दौरान विधायक सरयू राय भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने फायर फाइटिंग तकनीकों को समझा, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया सीखी और स्वयं अग्निशमन यंत्र चलाकर लोगों को प्रेरित किया।

अभियान के तहत गैस सिलेंडर, शॉर्ट सर्किट और घरेलू आग जैसी घटनाओं से निपटने के उपायों का लाइव डेमो दिया गया। साथ ही सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार देने की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने बताया कि घबराने के बजाय सही तकनीक अपनाने से बड़े हादसों को टाला जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और आवश्यक उपायों को अपनाने का संकल्प लिया।