________ 3

रांची  । झारखंड के विभिन्न जिलों में शुक्रवार देर रात और शनिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

 भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत

पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरदा टोला कुदापी गांव में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, विपिन सिंकु (17) और विक्रम सिंकु (18) की मौत हो गई, जबकि भीम सिंह सिंकु (23) गंभीर रूप से घायल है। घटना उस समय हुई जब चार युवक मोटरसाइकिल से तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टाटा मैजिक (छोटा हाथी) से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विपिन सिंकु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्रम सिंकु ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल भीम सिंह को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूर्वी सिंहभूम में ट्रेलर ने मचाया कहर, एक की मौत, सात घायल

पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र स्थित खांडामौदा चौक में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित होटल में जा घुसा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल से टकराने के बाद ट्रेलर आगे बढ़ा और सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में होटल के पास मौजूद सात लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है।

गोविंदपुर में कार-हाईवा की टक्कर, बाल-बाल बचे लोग

गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में पानी टंकी के पास एक कार सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग लगातार दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

बिष्टुपुर में डिवाइडर से टकराकर स्कूटर सवार की मौत

बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया में देर रात एक स्कूटर सवार तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बलिराम रजक (55) के रूप में हुई है, जो सोनारी के रामनगर के निवासी थे।  पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पलामू में अधूरे ओवरब्रिज से गिरकर छात्र की मौत

पलामू जिले के मेदिनीनगर में अधूरे ओवरब्रिज पर जन्मदिन मनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्र अमन उरांव की मौत हो गई।  बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ स्कूटी चला रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

बोकारो में बीडीओ की गाड़ी पलटी, चालक सुरक्षित

बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार गाड़ी पोल से टकराकर पलट गई। यह गाड़ी चास प्रखंड विकास पदाधिकारी की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि एयरबैग खुलने से चालक सुरक्षित बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें वाहन चालक की स्थिति और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।