____ __ ____

रांची, 26 फरवरी। झारखंड की राजधानी रांची  में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में घुस आया। शहर के व्यस्त हवाई नगर क्षेत्र में अचानक विशालकाय हाथी को सड़कों और गलियों में घूमते देख लोग दहशत में आ गए। कई लोग घरों में दुबक गए। सड़क से गुजर रहे राहगीर इधर-उधर भागने लगे। स्कूल जा रहे बच्चे भी भयभीत हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब सात बजे हाथी बोरियाकला इलाके के पास जंगल से निकलकर शहर की ओर आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने रास्ते में कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचाया और खड़े वाहनों को धक्का दिया, हालांकि किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और रांची पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया। सायरन बजाकर और पटाखे छोड़कर हाथी को भीड़-भाड़ वाले इलाके से दूर जंगल की ओर मोड़ने की कोशिश की जा रही है। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हाथी रास्ता भटक गया था और उसे सुरक्षित जंगल में वापस भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 13 और 14 फरवरी को हजारीबाग जिले में हाथियों के हमले में 24 घंटे के भीतर सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 16 फरवरी को लातेहार जिले में हाथियों का एक झुंड मालगाड़ी की चपेट में आ गया था, जिसमें एक हाथी के शावक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से वन्यजीव-मानव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ गई है।