मालदा, 14 फरवरी। उत्तर मालदा के लोगों का लंबे समय का इंतजार खत्म हो गया है। मालदा टाउन से न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली ट्रेन का स्टॉपेज अब उत्तर मालदा के चार प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा। शनिवार को उत्तर मालदा के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने श्रीपुर रोड स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर इन नए स्टॉपेज का उद्घाटन किया। इस फैसले से इलाके में खुशी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रीपुर, हरिश्चंद्रपुर, भालुका और मलाहार स्टेशनों पर अब ट्रेन नियमित रूप से रुकेगी। इससे हजारों यात्रियों को सीधे न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन और मालदा टाउन से जुड़ने में सुविधा मिलेगी। इससे छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को खास फायदा होगा क्योंकि अब उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज सहित उत्तर बंगाल के बड़े संस्थानों तक पहुंच आसान होगी।
उत्तर मालदा के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने बताया कि श्रीपुर स्टेशन का जल्द ही विकास किया जाएगा और नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। साथ ही रेलवे से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी जल्द हल करने का आश्वासन दिया गया है।
