कोलकाता, 23 जनवरी।
सरस्वती पूजा के मौके पर मौसम ने एक बार फिर ठंडक का एहसास कराया है। शुक्रवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास था।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दर्ज न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार को शहर में आर्द्रता का स्तर अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी बनी रह सकती है, हालांकि ठंड के दोबारा तेज होने के संकेत नहीं हैं।
फिलहाल उत्तर और दक्षिण बंगाल के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। दिन के समय ठंड का असर कम रहेगा, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होती रहेगी। अगले दो दिनों में दक्षिण बंगाल और अगले चार दिनों में उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है।
