पुरूलिया, 23 जनवरी । पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में बाघमुंडी थाना अंतर्गत मुकुरुप गांव के पास सड़क किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान सनातन महतो (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बाघमुंडी थाना अंतर्गत पेड़े तोड़ांग गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात वह मांस खरीदने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
कई घंटे बाद उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अधेड़ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि मौत स्वाभाविक नहीं है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के पारिवारिक संबंधों, आपसी रंजिश और घटनास्थल के आसपास के हालात को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
