कोलकाता, 03 नवम्बर । पश्चिम बंगाल में जाली पासपोर्ट रैकेट की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार सुबह नादिया जिले के चाकदह स्थित दुबराड़ा ग्राम पंचायत के पड़ारी गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक बढ़ई, उसके राजमिस्त्री भाई और उनके पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति कथित रूप से फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह से जुड़े होने के संदेह में ईडी की रडार पर थे। माना जा रहा है कि यह नेटवर्क अवैध रूप से दस्तावेज तैयार कराने और विदेशी नागरिकों को पासपोर्ट उपलब्ध कराने में सक्रिय था।
सुबह होते ही केंद्रीय बलों के सुरक्षा घेरे में ईडी की टीम गांव पहुंची और संदिग्धों के घर की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरण एजेंसी के हाथ लगे हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है।
ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली पासपोर्ट रैकेट में स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन शामिल हैं तथा क्या इस नेटवर्क का कनेक्शन सीमा पार किसी बड़े गिरोह से है।
राज्य में जाली दस्तावेज़ और अवैध नागरिकता से जुड़े मामलों पर पहले से ही जांच जारी है। ईडी की ताज़ा कार्रवाई से अंदेशा है कि यह नेटवर्क काफी व्यापक हो सकता है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।
