बैटरी चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम, 13 अक्टूबर।  पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने टोंटो थाना क्षेत्र में एयरटेल टावर से बैटरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में लिए गए आरोपिताें के पास से पुलिस ने चोरी की 24 बैटरी और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। उनकी पहचान मुकेश कुमार झा (40) निवासी रोसड़ा, जिला समस्तीपुर; चितरंजन कुमार (28) निवासी शाहजहांपुर, थाना विक्रम, जिला पटना और शत्रुघ्न पासवान (21) निवासी जगदीशपुर तियारी, थाना नूरसराय, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपिताें को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि 11 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि टोंटाे थाना क्षेत्र के रुतागुटू गांव स्थित नवनिर्मित एयरटेल टावर का ताला तोड़कर कुछ लोग बैटरी चोरी कर पिकअप वाहन से भाग निकले हैं। सूचना मिलते ही चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जगन्नाथपुर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 12 अक्टूबर की शाम सेरेंगसिया घाटी के पास अपराध-विरोधी वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए पिकअप वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीनों चोरों को धर-दबोचा। तलाशी में वाहन से चोरी की गई सभी 24 बैटरियां बरामद कर ली गईं।

इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफाएल मुर्मू (जगन्नाथपुर) के नेतृत्व में टोंटाे थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम, गुवा थाना प्रभारी नितीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीन रंजन मिश्रा, रणधीर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बसंत कुमार प्रधान, हवलदार अशोक झा औरा आरक्षी ललित केरोबिन बाड़ा और रतिया उरांव शामिल थे।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफाएल मुर्मू ने इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता बताया है।