उप डाकपाल गिरफ्तार

ऑनलाइन जुए में उड़ाए लाखों रुपये, पुलिस ने मोबाइल बरामद कर किया खुलासा

पश्चिमी सिंहभूम, 8 अक्टूबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में पदस्थापित तत्कालीन उप डाकपाल विकास चंद्र कुलिया (46 वर्ष) को पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये की फर्जी निकासी के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की जमा राशि का दुरुपयोग किया और निकाली गई रकम को ऑनलाइन व स्थानीय जुए में गंवा दिया।

मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है। इस दौरान आरोपित ने खाताधारकों के नाम पर ₹50,56,473 (पचास लाख छप्पन हजार चार सौ तिहत्तर रुपये) की फर्जी निकासी की।

इस संबंध में डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर गुवा थाना में मामला दर्ज हुआ।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विकास चंद्र कुलिया ने निकाली गई राशि से “डेल्टा एक्सचेंज” और “धूम 999 कैसिनो” जैसे ऑनलाइन जुआ ऐप्स पर लाखों रुपये गंवाए।

इसके अलावा, वह स्थानीय जुआ स्थलों जैसे मुर्गा पाड़ा और हब्बा डब्बा में भी नियमित रूप से जुआ खेलता था। जांच के दौरान उसके एसबीआई और डाकघर खातों में भारी मात्रा में संदिग्ध लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने टुंगरी स्थित आवास पर छापेमारी की और आरोपित को उसकी पत्नी एवं दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया, जिसे जुए के ऐप्स में उपयोग किया जा रहा था।

पूछताछ में विकास चंद्र कुलिया ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से एक सभ्य और शिक्षित परिवार से संबंध रखता है, लेकिन गुवा क्षेत्र के जुआरी और नशेड़ियों की संगति में आने के बाद वह गलत रास्ते पर चला गया और धीरे-धीरे फर्जीवाड़े के दलदल में फँस गया।