chapa

दुर्गापुर, 06 नवंबर । काली पूजा से पहले दुर्गापुर के नामी होटलों और रेस्टोरेंटों की रसोई में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। होटलों में ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कहीं फ्रिज में सड़ा हुआ मक्खन मिला, तो कहीं मियाद समाप्त हो चुकी ब्रेड और कई दिनों से रखी पुरानी ग्रेवी बरामद हुई। इसके अलावा बासी चिकन और कई अन्य खाद्य सामग्री भी मिली।

शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुर्गापुर के विभिन्न होटलों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने होटलों की रसोई और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था की जांच की। जांच में कई जगहों पर खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। रसोई में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। कई खाद्य सामग्रियों और मसालों की मियाद को लेकर भी अनियमितताएं सामने आईं।

होटलों के फ्रिज में लंबे समय से रखी पुरानी ग्रेवी, बासी चिकन और अन्य खाद्य सामग्री मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए। मक्खन से दुर्गंध निकल रही थी, जबकि रसोई में मियाद समाप्त हो चुकी ब्रेड भी रखी हुई थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि ग्राहकों को किस गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है और इससे उनके स्वास्थ्य पर कितना प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में विभाग ने कई होटलों पर जुर्माना लगाया है। साथ ही होटल प्रबंधन को भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शुभम घोष ने बताया कि होटलों में खाद्य सामग्री रखने के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई जगहों पर बासी और खराब खाद्य पदार्थ रखे मिले हैं। ऐसे भोजन का सेवन करने से आम लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देने के साथ जुर्माना भी लगाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंटों में आगे भी नियमित रूप से जांच और छापेमारी जारी रहेगी।