kalasa

कोलकाता, 04 नवंबर। पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली ब्लॉक के ब्लॉक भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी (बीएलएंडएलआरओ) कार्यालय में एक सफल ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस अभियान के तहत, उक्त कार्यालय में कार्यरत एक ग्रुप-डी (चतुर्थ श्रेणी) कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी की ओर सेआईपीएस आकाश मघारिया ने बुधवार को बताया कि एसीबी द्वारा यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भूमि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में उक्त कर्मचारी द्वारा तीन हजार रुपये की अवैध घूस की मांग की जा रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी की एक विशेष टीम ने जाल बिछाया और आरोपित कर्मचारी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय धर दबोचा।

भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने पुष्टि की है कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में कानून के अनुसार आगे की सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।