कूचबिहार, 04 अक्टूबर। असम में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 35 भैंसों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना असम-बंगाल सीमा के भांगा पाकड़ी इलाके की है। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चाल का नाम कादेर अली है।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के बॉक्सीरहाट थाने की जोराई चौकी की पुलिस भांगा पाकड़ी इलाके में नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश नंबर वाले एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। बाहर से पूरी तरह बंद कंटेनर के अंदर से पुलिस ने चेकिंग के दौरान 35 भैंस बरामद की। चालक पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार कादेर अली असम के धुबरी जिले के गौरीपुर का निवासी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि भैंसों को बिहार से लोड कर असम में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपित को तूफानगंज महकमा अदालत में पेश किया गया।
