marwaddi

30 मरीजों के होंगे निशुल्‍क मोतियाबिंद ऑपरेशन

कोलकाता, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के उपलक्ष्‍य में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से शुक्रवार को दो स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर रानाहाट में भारत सेवा संघ के सहयोग से तथा दूसरा शिविर देवगंगा, हरुआ में प्यारा प्रोग्रेसिव वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया। इन शिविरों में करीब 630 मरीजों की जांच की गई।
शुगर, ईसीजी की भी जांच

शिविर में आए मरीजों की ब्‍लड शुगर, ब्‍लड प्रेशर और ईसीजी जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 160 मरीजों को चश्मे की जरूरत पाई गई, इन्‍हें चश्‍मे निशुल्‍क प्रदान किए जाएंगे। 30 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किए जाएंगे।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद अध्यक्ष प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल और डॉ. सुकांतो राय का सराहनीय योगदान रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्‍ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है।