baish

कोलकाता, 26 सितंबर । पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह से कई जिलों में बारिश जारी रही। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शनिवार दोपहर या शाम के बाद दक्षिण बंगाल के मौसम में सुधार होने की संभावना है। रविवार से बारिश में कमी आएगी। लेकिन हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस और गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है।

अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार, दक्षिण बंगाल में सोमवार से अगले छह दिनों तक तेज बारिश या आंधी को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। हालांकि दक्षिण बंगाल से मानसून की औपचारिक विदाई अभी नहीं हुई है। इसलिए वातावरण में नमी बनी रहेगी और सोमवार से शुक्रवार के बीच कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर बंगाल में शनिवार को जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रविवार से उत्तर बंगाल में भी बारिश का प्रभाव और क्षेत्र कम होने की संभावना है।

भारी बारिश की चेतावनी के चलते शनिवार सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक सेवक से रंगपो तक राष्ट्रीय राजमार्ग-10 को बंद रखने की घोषणा की गई है। एनएचआईडीसीएल ने यह निर्णय लिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दुर्गापूजा से पहले यदि फिर से किसी नए निम्न दबाव का क्षेत्र बनता है, तो मौसम में दोबारा बदलाव हो सकता है।