पश्चिमी सिंहभूम, 25 सितंबर। मनोहरपुर प्रखंड भ्रमण के दूसरे दिन शुक्रवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बरंगा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने दिव्यांग शिक्षक गुलशन लोहार के समर्पण और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने शिक्षक से बातचीत कर उनके शिक्षण कार्य की जानकारी ली और अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
उपायुक्त ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के साथ किया गया प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी होता है। उन्होंने कहा कि गुलशन लोहार जिस तरह अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वह विद्यार्थियों और अन्य लोगों के लिए प्रेरणा है। उपायुक्त ने शिक्षक के अनुभव, विद्यालय में उनकी भूमिका तथा विद्यार्थियों के साथ उनके जुड़ाव की भी जानकारी ली।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि उन्हें कौन-कौन से विषय पढ़ाए जा रहे हैं, पढ़ाई में उनकी रुचि कैसी है और विद्यालय में अध्ययन के लिए कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का भी जायजा लिया। विद्यालय प्रबंधन से पढ़ाई की स्थिति और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।–
