भाजपा प्रदेश कार्यालय में विमला प्रधान को श्रद्धांजलि

रांची, 19 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता  एवं पूर्व मंत्री विमला प्रधान को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विमला प्रधान का पार्थिव शरीर भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया गया, जहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज भी ओढ़ाया गया।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान का हम सबके बीच से जाना भारतीय जनता पार्टी, आदिवासी समाज और पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं। विधायक के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई और संगठन के कार्यों में सदैव बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान का पार्टी के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान आदिवासी समाज की प्रमुख नेत्री थीं। उन्होंने हमेशा संगठन के कार्यों को प्राथमिकता दी। पार्टी के प्रति उनका समर्पण, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से पार्टी और समाज ने एक समर्पित जननेता को खो दिया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि विमला प्रधान का सरल व्यवहार, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण लंबे समय तक कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उनके सार्वजनिक जीवन और पार्टी संगठन के लिए किए गए कार्यों को हमेशा स्मरण किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, डॉ. यदुनाथ पांडेय, नीलकंठ सिंह मुंडा, मनोज सिंह, गणेश मिश्रा, शालिनी वैशिखयार, हेमंत दास, समीर उरांव, सुदर्शन भगत, नीरा यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने विमला प्रधान का अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 खूंटी में भाजपा नेताओं ने जताया शोक

खूंटी ,बिमला प्रधान के निधन पर खूंटी जिले के भाजपा नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। पद्मभूषण कड़िया मुंडा, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, संजय साहू, प्रियांक भगत, निखिल कंडुलना, संतोष जायसवाल सहित कई भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि बिमला प्रधान का निधन भाजपा और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा की और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रहीं। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता को खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि बिमला प्रधान का राजनीतिक और सामाजिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने सिमडेगा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाने के साथ ही संगठन को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कठिन है।

काशीनाथ महतो ने कहा कि बिमला प्रधान का सरल व्यवहार, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व मंत्री बिमला प्रधान के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बिमला प्रधान के निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र और जनजातीय समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मुंडा ने कहा कि बिमला प्रधान ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा सक्रिय रहीं। उनके निधन से राजनीतिक जगत ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना कीी।