पलामू, 18 सितंबर । यूजीसी के नए नियमों, आरक्षण नीति में सुधार और एससी-एसटी एक्ट में संशोधन की मांग को लेकर शुक्रवार को जिले के हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय में स्वर्ण एकता मंच के बैनर तले जनसभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अविनाश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन फुटुक सिंह ने किया।
जनसभा से पूर्व स्वर्ण समाज के सैकड़ों लोग दोपहिया और चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ सुल्तानी गांव से निकले और एनएच-139 होते हुए हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद वाहन जुलूस जनसभा में तब्दील हो गया। कार्यक्रम में हरिहरगंज, पीपरा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नेता रामाधार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थेे।
अतिथियों के सम्मान के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियमों और अन्य नीतिगत प्रावधानों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों और समाज के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यूजीसी के 2026 नियमों को लेकर तत्काल पुनर्विचार और रोलबैक की मांग की। आरक्षण नीति में सुधार और एससी-एसटी एक्ट में संशोधन कर स्वर्ण समाज के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
रामाधार ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से उचित पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक रूप से विरोध करने की चेतावनी भी दी।
जनसभा को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं ने भी यूजीसी नियमों, आरक्षण नीति और सामाजिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे और स्वर्ण समाज से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति के नाम बीडीओ कार्यालय में मांग पत्र सौंपा गया।
