शव बरामद

कोडरमा, 11 सितंबर ।  कोडरमा थाना क्षेत्र के लोचनपुर के नौवाडीह स्थित पोल संख्या 7/3 के समीप शुक्रवार  सुबह ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंटू सिंह (45, पिता सरजू सिंह उर्फ रविंद्र सिंह, ग्राम बरबीघा शेखपुरा बिहार) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की नजर जब ट्रैक किनारे पड़े शव पर पड़ी तो इसकी सूचना तत्काल रेल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही कोडरमा आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

आरपीएफ ने मामले की जानकारी सदर थाना पुलिस को भी दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हुआ होगा। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।