अवैध आरा मशीनें उक्षाड़ी

गिरिडीह, 11 सितंबर। वन विभाग ने शुक्रवार को गांडेय प्रखंड के लखनपुर और फुलची गांव में अवैध आरा मिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई मशीनें और लकड़ी जब्त की। डीएफओ मनीष कुमार तिवारी के निर्देश पर रेंजर एसके रवि के नेतृत्व में विभागीय टीम ने दोनों गांवों में छापेमारी की।

विभागीय टीम ने मौके पर संचालित अवैध आरा मशीनों को उखाड़ दिया। इसके अलावा आरा मशीन, डीजल मशीन, चिरान मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए। टीम ने बड़ी मात्रा में लकड़ी भी बरामद की, जिसमें यूकेलिप्टस, सखुआ और शीशम की लकड़ियां शामिल हैं। वन विभाग के अनुसार, जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है।

छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध आरा मिल संचालकों और लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। विभाग ने कहा कि बिना वैध अनुमति के आरा मिल संचालित करने तथा लकड़ी के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध आरा मिलों और लकड़ी के अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर जांच और छापेमारी आगे भी की जाएगी। विभाग का कहना है कि वन संपदा के अवैध दोहन और कारोबार पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

छापेमारी अभियान में प्रभारी वनपाल रोहित पंडित, संदीप मिश्रा, वनरक्षी रामदेव मरांडी, विष्णु किस्कू, रजन शर्मा, दाऊद आलम और शमशेर अंसारी समेत वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल रहे।