सिलीगुड़ी, 04 सितंबर । सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा के बाद अब बागडोगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। नक्सलबाड़ी ब्लॉक प्रशासन, ईबी और बागडोगरा थाना पुलिस के सहयोग से बागडोगरा बिहार मोड़ से अपर बागडोगरा तक कई रेस्तरां, मिठाई और किराना दुकानों में जांच की गई। अभियान के दौरान एक रेस्तरां से मियाद खत्म हो चुकी जूस की बोतलें और खराब मोमो, जबकि मिठाई की दुकान से बासी मिठाइयां बरामद हुई।
वहीं, एक किराना दुकान से मियाद खत्म हो चुकी मसाले भी मिली है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंग और पिज्जा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी जांच की गई। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मांस की दुकानों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई समेत खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। दुकानदारों और रेस्तरां संचालकों को अगले सात दिनों के भीतर साफ-सफाई और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
