पूर्वी सिंहभूम, 29 अगस्त । गुरु नानक उच्च विद्यालय, साकची की पूर्व प्रधानाचार्या और वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रेम कौर आहूजा का शनिवार सुबह 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें ब्रेन हेमरेज के बाद टाटा मोटर्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से विद्यालय परिवार, पूर्व विद्यार्थियों और सिख समाज में शोक की लहर है।
प्रेम कौर आहूजा ने वर्ष 1968 में गुरु नानक विद्यालय में शिक्षिका के रूप में अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने करीब 17 वर्षों तक विद्यालय की प्रधानाचार्या के रूप में सेवाएं दीं और वर्ष 1993 तक विद्यालय से जुड़ी रहीं। उनके कार्यकाल में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यालय से जुड़े लोगों के अनुसार, प्रेम कौर आहूजा ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान दिया और विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से शिक्षा जगत के साथ-साथ सिख समाज में भी शोक व्याप्त है।
उनके पुत्र सीए गुरविंदर सिंह आहूजा ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे नीलडीह एनक्लेव, बिरसानगर स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार पार्वती बर्निंग घाट में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिवंगत प्रेम कौर आहूजा की स्मृति में एक सितंबर को अखंड पाठ रखा जाएगा। इसके बाद टेल्को गुरुद्वारा में कीर्तन और अंतिम अरदास का आयोजन किया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के पदाधिकारियों समेत सिख समाज के विभिन्न संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। समाज के लोगों ने उन्हें समर्पित शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक और विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील शिक्षिका के रूप में याद किया।
