पलामू, 29 अगस्त । पलामू पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत नौडीहा बाजार पुलिस ने महुरांव में 02 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य का 443 किलो गांजा बरामद किया है। इस सिलसिले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो सगे भाई हैं। इनसे ट्रक, टेंपो और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
जिले के एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार दोपहर नौडीहा बाजार थाने में पत्रकारों को बताया कि अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध आपरेशन प्रहार के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण कर तस्करी की जा रही है। सूचना पर छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
यहां से दो सगे भाई जमशेद आलम (25) और अली राजा (19) को एक ट्रक से गांजा उतारते गिरफ्तार किया गया। ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच 16 प्लास्टिक के बोरों और 424 छोटे पैकेट में रखा गया 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। डीडी किट से जांच करने पर इसकी पुष्टि हुई। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
उनसे पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि उनका अवैध गांजा तस्करी का नेटवर्क पलामू, बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैला हुआ है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी की दिशा में अनुसंधान किया जा रहा है।
कार्रवाई टीम में छतरपुर के इंस्पेक्टर द्वारिका राम, नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार और जवान शामिल थे।
