fj

पूर्वी सिंहभूम, 27 अगस्त ।

सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में गुरुवार को सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम के तहत लोयोला स्कूल, बिष्टुपुर के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की कार्यप्रणाली से अवगत कराना, उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना और विज्ञान एवं नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना था।

भ्रमण कार्यक्रम में लोयोला स्कूल के 83 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के साथ तीन शिक्षक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एमटीई प्रभाग के प्रमुख एवं वरिष्ठतम मुख्य वैज्ञानिक डॉ एस शिवप्रसाद के संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को सीएसआईआर-एनएमएल में संचालित विभिन्न शोध एवं तकनीकी गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने आसान भाषा में समझाया कि प्रयोगशाला में वैज्ञानिक अनुसंधान किस तरह आगे बढ़ते हुए तकनीकी विकास और व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचता है।

कार्यक्रम में आईएमडीसी प्रभाग के प्रमुख एवं वैज्ञानिक-जी डॉ के गोपाला कृष्णा ने विद्यार्थियों ने इस्पात और विभिन्न मिश्रधातुओं के गुणों और उनके रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों के जरिए बताया कि किसी काम के लिए सामग्री का चयन उसके विशेष गुणों को ध्यान में रखकर किया जाता है।

इसके बाद जिज्ञासा कार्यक्रम के प्रमुख एवं वैज्ञानिक-ई डॉ अनिमेष जेना ने सीएसआईआर-जिज्ञासा पहल की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने स्टेम क्लब सहित विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए उन्हें इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को क्रीप, एएसी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, एनडीटी और मेल्टिंग डेमोंस्ट्रेशन जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया।