पूर्वी सिंहभूम, 27 अगस्त । भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के निर्देश पर मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम की ओर से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय जनजातीय कार्य एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो गौतम सूत्रधार, कुलसचिव प्रो संजय कुमार सारंगी, छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष प्रो अशोक कुमार, जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर एवं युवा आइकन मानव घोष मौजूद थे। अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी राहुल कुमार गुप्ता और अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी उमेश विक्रम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में एनआईटी के निदेशक प्रो गौतम सूत्रधार, कुलसचिव प्रो संजय कुमार सारंगी और छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष प्रो अशोक कुमार ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने युवाओं से खेलों के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुआ वर्चुअल संवाद रहा। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन से उपस्थित विद्यार्थियों और खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ।
वर्चुअल संवाद के बाद युवा आइकन मानव घोष ने अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी राहुल कुमार गुप्ता और अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी उमेश विक्रम के साथ संवाद किया। इस दौरान खेल अवसंरचना, खेलों के विकास और आगामी ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की तैयारियों पर चर्चा हुई।
खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों को साझा करते हुए युवाओं को लगातार मेहनत करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को खिलाड़ियों से सीधे संवाद करने और सवाल पूछने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
