dfgew

खूंटी , 27 अगस्त ।

सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने और रक्त की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी, समाजसेवी, विभिन्न गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में उपायुक्त ने जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी को सक्रिय भूमिका निभाते हुए नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ, सीआरपीएफ सहित विभिन्न संस्थाओं और संगठनों से रक्तदान अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल के ब्लड बैंक को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि आमजनों को रक्त की उपलब्धता से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9288132716 पर संपर्क की सुविधा सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक-सह-प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और नियमित रूप से रक्तदान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वार्ड प्रतिनिधियों, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों, आम नागरिकों, जेएसएलपीएस सहित अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। इसलिए जिले में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।